जीजा के गांव में साले का शव कुंयें में तैरता मिला
कुंयें में शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी

भरथना,इटावा। बहिनोई के गांव में स्थित कुंयें में साले का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से सनसनी के साथ दहशत फैल गयी। मृतक युवक बहिनोई के घर अक्सर आता-जाता था। बीती रात्रि घटना के बाद से क्षेत्र में हडकम्प मचा हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम टिंयापुरा- नगला अमर के मध्य स्थित एक कुंयें में क्षेत्र के ग्राम पडियापुरा निवासी अविवाहित हरिओम (35 वर्ष) पुत्र अशोक कुमार का शव तैरता मिलने से हडकम्प मच गया। घटना की सूचना पर पहुँची पुलिस व फायरकर्मियों ने कडी मशक्कत के बाद कुंयें में तैरते हरिओम के शव को बाहर निकाला और शिनाख्त करायी। मृतक की शिनाख्त करते हुए गांव टिंयापुरा निवासी मृतक के जीजा रामप्रकाश ने बताया कि उसका साला हरिओम बीते दिन उसके घर आया था, लेकिन देर रात्रि उसका कहीं पता नहीं लगा। सुबह कुंयें में शव मिलने की सूचना पर उसने हरिओम के रूप में शिनाख्त की है। जिसकी सूचना पर पुलिस ने तैरते शव को कुंये से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रामप्रकाश के अनुसार मृतक अविवाहित था और वह अक्सर उसके घर आता-जाता रहता था। घटना के कारणों की समाचार लिखे जाने तक जानकारी नहीं हो सकी।



