सड़क दुर्घटनाओं में घायलों का सैफई में निशुल्क उपचार

पीएम-राहत योजना के तहत मरीजों को सभी सुविधाएं हैं निःशुल्क

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता एवं उपचार (पीएम-राहत) योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।

देवरिया से नई दिल्ली जा रही एक बस का आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर करहल के निकट सड़क दुर्घटना का शिकार हो जाने पर घायल हुए दो यात्रियों, राम दुलारा एवं आशा (देवरिया),को 20 मई को उपचार हेतु यूपीयूएमएस सैफई में भर्ती कराया गया। दोनों मरीजों का उपचार प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना सहायता एवं उपचार (पीएम-राहत) योजना के अंतर्गत पूर्णतः निशुल्क (कैशलेस) किया जा रहा है।

आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी डॉ. अर्पित वर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों को दुर्घटना की तिथि से सात दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। इस योजना के माध्यम से मरीजों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार का अग्रिम भुगतान नहीं करना पड़ता, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित होता है।

यूपीयूएमएस के कुलपति प्रो. डॉ. अजय सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय जनहित की स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ित को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा प्राप्त हो।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि पीएम-राहत योजना के प्रभावी संचालन से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित उपचार उपलब्ध होगा तथा आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।

Related Articles

Back to top button