दस दिन से विद्युत आपूर्ति ठप्प, ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता से लगाई बिजली बहाली की गुहार

ऊँचाहार, रायबरेली। दस दिन से गाँव में बिजली आपूर्ति ठप होने से परेशान ग्रामीणों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से बहाल कराने की मांग की है।
कंदराँवां गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार को कस्बा स्थित विधुत उपकेंद्र पहुंचकर दिये ज्ञापन में बताया कि पिछले दस दिनों से ट्रांसफार्मर व लाइन में खराबी के कारण बिजली आपूर्ति ठप है।भीषण गर्मी के बीच लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है,लोगों के घरों में पानी, खेतों में सिंचाई आदि की समस्या से ग्रामीण प्रभावित है।
इस दौरान बीडीसी सदस्य श्रवण कुमार, उमेश कुमार, सुरेश सरोज, संगीता मौर्य, मुकेश जायसवाल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। इस सम्बंध में अधिशासी अभियंता उमेश कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।



