प्रचंड गर्मी के कारण गंगा नदी का घटा जलस्तर

ऊँचाहार, रायबरेली। सन 1968 में आई हिंदी फिल्म सुहागरात का एक गीत गंगा मैया में जब तक ये पानी रहे , मेरे सजना तेरी जिंदगानी रहे भारतीय जनमानस पर इतना असर कर गया कि हर सुहागिन मां गंगा की पूजा करते समय इस गीत को गुनगुनाती है । गीत में गंगा मां का पानी अनंतकाल तक अविरल बहने की धारणा अब ध्वस्त होती नजर आ रही है । पहाड़ों पर बांध ने जहां एक ओर गंगा की अविरल धारा को रोका वही दूसरी ओर जलदोहन और भीषण गर्मी ने गंगा का पानी पी लिया है ।

प्रचंड गर्मी के बीच जहां आम जनता बेहाल दिखाई दे रही है, वहीं गंगा नदी का जलस्तर काफी कम हो गया है । स्नान के लिए लोगों को पैदल गंगा नदी पार करके उस पार जाना पड़ रहा है। जिससे काफी कठिनाई हो रही है। क्षेत्र में गंगा नदी का प्रमुख घाट गोकना है । इसके अलावा बादशाहपुर , पूरे तीर और गोला घाट पर भी लोग स्नान के लिए जाते हैं । भीषण गर्मी में गंगा नदी के बीचो-बीच उभरते बालू के रेत ने अब लोगों को एक और परेशानी में डाल दिया है।

गंगा नदी के बीच में उभरती रेत को लेकर लोगों की तरफ से इस बात की भी चर्चा की जा रही है कि विशाल नदी के बीच ऐसे परत घटते जलस्तर का सूचक हैं और आने वाले समय में इसके और भी गंभीर परिणाम हो सकते हैं। भीषण गर्मी और तापमान में भारी वृद्धि (लू) के कारण गंगा नदी पर गहरा असर पड़ा है। चिलचिलाती धूप, भीषण गर्मी और कम बारिश से गंगा का जलस्तर लगातार घट रहा है और इसकी चौड़ाई सिकुड़ती जा रही है, जिससे घाटों की तलहटी और बड़े रेत के टीले दिखने लगे हैं। गंगा तट की स्थित ये है कि गंगा के उत्तरी भाग की धारा में बमुश्किल जंघा तक ही जल बचा है । जिसमें लोग पैदल जल में हिलकर उस पार चले जाते है ।

जहां पर काफी बड़ा रेट का टीला बन गया है । इस बीच लगातार जलस्तर घट रहा है । जिसके कारण स्नानार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है । आने वाले दिनों में यह संकट और गहराने की संभावना है। गोकना गंगा तट के वरिष्ठ पुरोहित जीतेंद्र द्विवेदी ने बताया कि इस बार तापमान अधिक बढ़ने के कारण जलस्तर काफी तेजी के साथ घट रहा है । श्रद्धाभाव से गंगा स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को शुद्ध जल नहीं मिल पा रहा है । विशेषकर महिलाओं ,वृद्धजनों और बच्चों को उस पार जाने में कठिनाई होती है और वह इसी पार थोड़े से जल में स्नान करके अपनी मनोकामना पूर्ण कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button