ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो घायल
सर्विस रोड पर हुआ सड़क हादसा

जसवन्तनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर जनपद की सीमा से सटे ग्राम जोनई और मीठेपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के पास नव निर्मित फ्लाईओवर ब्रिज की सर्विस रोड पर शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एनएचएआई एंबुलेंस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया,जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायल अमित सिंह 30 पुत्र जसराम सिंह निवासी गांव मलिया खेड़ा शाहपुर ब्राह्मण,थाना चित्रहाट, तहसील बाह जनपद आगरा तथा रामबहादुर 50 पुत्र बड़ेलाल बताए गए हैं। दोनों बाइक से किसी कार्य से जसवन्तनगर जा रहे थे। इसी बीच फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू करदी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।



