समाधान दिवस में निस्तारण के नाम पर की जा रही खानापूर्ति पर एडीएम ने लगाई फटकार

महराजगंज, रायबरेली। शासन द्वारा जनसुनवाई के लिए आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवसो में विभागो के जिम्मेदारो द्वारा निस्तारण के नाम पर की जा रही खानापूर्ति, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार द्वारा पकड़े जाने से अफरा तफरी मच गयी।
बताते चले की शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करने तहसील सभागार पहुचे एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ कुमार द्वारा जनसुनवाई के साथ साथ पिछले तहसील दिवसो में हुए निस्तारण की गुणवत्ता का भी अवलोकन कर जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगा एसडीएम गौतम सिंह को लापरवाही करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर भेजनें तथा तहसीलदार मंजुला मिश्रा को निस्तारण रजिस्टर की पर्यवेक्षकीय टिप्पणी स्वयं अंकित करने के निर्देश दिए।
मालूम हो की जनसुनवाई के दौरान फरियादियो की संख्या कम देख एडीएम द्वारा निस्तारण रजिस्टर मंगवा पिछले तहसील दिवस में आई शिकायतों का अवलोकन किया। जिसमे रामपुर सीवन शिवगढ निवासी पिंकी पत्नी राजेश द्वारा विद्युत बिल शुद्ध किए जाने एवं भटसरा (शिवगढ़) निवासिनी जनकदुलारी पत्नी प्रहलाद दीक्षित द्वारा गलत विद्युत कनेक्शन को काटे जाने की शिकायत के निस्तारण की आख्या 15 वे दिन दिए जाने एवं निस्तारण का आधार को एडीएम ने पूरी तरह अनुपयुक्त एवं औचित्यहीन बता एसडीओ (हाईड्रिल शिवगढ़) के प्रति नाराजगी जताई, वही कदरावा ( बछरावा) की नीलम पत्नी विजय कुमार एवं डोमापुर की पूजा पत्नी महेश कुमार द्वारा नया राशन कार्ड बनाए जाने की मांग पर भविष्य में राशन कार्ड बनाए जाने के आश्वासन पर एडीएम हतप्रभ एवं पूर्ति निरीक्षक मुकेश पांडेय को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल राशन कार्ड बना कर दिखलाने को कहा, जिस पर मात्र 20 मिनट में ही राशन कार्ड बन कर एडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
फिलहाल जनसुनवाई की उम्मीद लेकर दूर दराज से आने वाले पीड़ित विभागों के जिम्मेदारो द्वारा निस्तारण के नाम पर झूठी एवं बेतुकी रिपोर्ट लगाने से खुद को ठगा महसूस कर रहे जिन पर एडीएम द्वारा निस्तारण रजिस्टर का रीयल्टी चेक क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा। मौके पर एडिशनल एसपी आलोक सिंह, एसडीएम गौतम सिंह, सीओ प्रदीप कुमार, तहसीलदार मंजुला मिश्रा, ईओ राम आशीष वर्मा सहित दर्जनों विभाग के जिम्मेदार मौजूद रहे।



