डीएफसीसी रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
मालगाड़ी की चपेट में आने से हुई मौत

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार देर शाम डीएफसीसी रेलवे ट्रैक की अप लाइन पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि आरपीएफ की ओर से मीमो के माध्यम से सूचना मिली थी कि डीएफसीसी अप लाइन पर खंभा नंबर 646/23 के पास,रेलवे स्टेशन से पूर्व दिशा में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर उपनिरीक्षक मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक की तलाशी ली तो उसके पास से एक मोबाइल फोन चालू हालत में और 130 रूपए नकद बरामद हुए। इसी दौरान मोबाइल पर उसके चचेरे भाई करन कुमार की कॉल आई,जिन्हें घटना की जानकारी दी गई। बाद में परिजन थाने पहुंचे और फोटो के माध्यम से शव की पहचान की।
मृतक की पहचान अतुल कुमार 25 पुत्र लालबहादुर निवासी गांव मांसरपुर थाना करहल,जिला मैनपुरी के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि अतुल घर से दिल्ली नौकरी करने की बात कहकर निकला था। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।



