होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं: सीओ
माहौल खराब करने वालों पर होगी कार्रवाई: आयुषी सिंह

जसवंतनगर,इटावा। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को थाना सभागार में क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं पुलिस अधिकारियों ने सहभागिता की। बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने कहा कि होली आपसी प्रेम,भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का पर्व है,जिसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कहीं किसी प्रकार का विवाद या समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को अवगत कराएं। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने भी उपस्थित लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि पुलिस क्षेत्र में लगातार निगरानी रखेगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। बैठक में विधायक प्रतिनिधि अजेंद्र सिंह गौर,राजीव गुप्ता बबलू,रामोतार यादव,सुरेश गुप्ता,आशीष अग्निहोत्री, अभिषेक शुक्ला के अलावा उप निरीक्षक ललित चतुर्वेदी,शुभम वर्मा,मनीष कुमार,आशीष कुमार,कृष्ण कुमार एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अंत में सभी ने आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से होली मनाने का संकल्प लिया।



