नॉर्थ कोरिया में ‘सिंहासन’ की जंग; क्या 14 की उम्र में सुप्रीमो बनेंगी किम जू ऐ? बुआ और भतीजी में ठनी

किम जोंग उन…। देश-दुनिया की खबरों में जिनकी गहरी दिलचस्पी रहती है, वह इस नाम से वाकिफ जरूर होंगे। किम जोंग उन यानी बेहद क्रूर एवं सनकी तानाशाह। ऐसा तानाशाह जिसके बनाए नियमों को यदि कोई तोड़ता है तो उसे जिंदगी से हाथ धोना पड़ जाता है। नॉर्थ कोरिया का यह स्वयंभू सुप्रीमो अपने दुश्मन को मौत के घाट उतारने में जरा सी देर नहीं करता। नॉर्थ कोरिया में सिर्फ किम जोंग उन के नियम-कायदे चलते हैं। किम को चुनौती देने की हिम्मत कोई नहीं करता। यह तानाशाह दुनिया के सबसे ताकतवर देशों में शुमार अमेरिका को भी ठेंगे पर रखता रहा है। कुछ साल पहले डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग उन के बीच तीखी जुबानी जंग देखने को मिली थी। बाद में दोनों दिग्गज हस्तियों ने मुलाकात भी की थी।
फिर सुर्खियों में है तानाशाह
नॉर्थ कोरिया का यह तानाशाह एक बार फिर सुर्खियों में है। चर्चाओं की वजह किम की नाबालिग बेटी किम जू ऐ है। खबर है कि महज तेरह साल की किम जू ऐ को किम जोंग उन का उत्तराधिकारी बनाने की कवायद चल रही है। चौदह साल की होने पर किम जू ऐ अपने पिता की विरासत को संभाल सकती हैं। हालांकि उत्तराधिकारी की दौड़ में किम जोंग की बहन किम यो जोंग भी बताई जाती हैं।
हो सकता है विद्रोह
जानकारों का मानना है कि यदि किम जू ऐ को नॉर्थ कोरिया का सुप्रीमो बनाया जाता है तो किम यो जोंग विद्रोह कर सकती हैं। वैसे यो जोंग को मालूम है कि विद्रोह का मतलब मौत को गले लगाना होगा। तानाशाह किम जोंग उन का जीवन रहस्यमयी है। उसके बारे में अधिक जानकारी दुनिया के सामने नहीं आ पाती है। चीन और रूस के साथ किम ने अच्छे संबंध कायम कर रखे हैं। चीन-रूस का अमेरिका संग छत्तीस का आंकड़ा है। माना जाता है कि यह दोनों देश नॉर्थ कोरिया को आगे कर अमेरिका की बेचैनी बढ़ाते रहते हैं।
किम जोंग उन के स्वास्थ्य को लेकर भी तरह-तरह की अटकलें लगती रहती हैं। यह सनकी तानाशाह अपने परिवार को लेकर काफी गोपनीयता बरतता रहा है। वह अपनी पत्नी को भी शादी के काफी समय बाद सार्वजनिक रूप से सामने लाया था। किम जू ऐ उसकी एकमात्र संतान है, जिनके अस्तित्व की आधिकारिक पुष्टि उत्तर कोरियाई नेतृत्व ने की है। हालांकि यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि किम जोंग उन ने अपनी बेटी को इस समय आगे लाकर एक गहरे पितृसत्तात्मक राज्य में मौजूद पूर्वाग्रहों को कम करने का प्रयास किया है, क्योंकि वहां अब तक कभी किसी महिला ने देश का नेतृत्व नहीं किया है। नॉर्थ कोरिया में जहां आम नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं के बगैर गुजर-बसर करनी पड़ रही है, वहीं तानाशाह किम की जिंदगी ऐशो-आराम से कट रही है। वह लग्जरी लाइफ जीने का आदी है। किम को रंगीन मिजाज प्रवृत्ति का भी माना जाता है।
80 प्रतिशत महंगा हो सकता है पेट्रोल-डीजल, जानें वजह
पड़ोसी देश दक्षिण कोरिया से किम जोंग को नफरत है। वह दक्षिण कोरिया को हमेशा गंभीर चेतावनी देते रहे हैं। दुनिया में पहले भी तानाशाह रहे हैं, मगर किम जोंग कम उम्र के बावजूद नॉर्थ कोरिया पर अपनी पकड़ बनाए रखने में कामयाब है। उसके शासनकाल में घातक हथियारों के जखीरे में निरंतर वृद्धि हुई है। जानकारों का कहना है कि चीन की मदद से यह देश अपनी सामरिक ताकत को बढ़ाने में कामयाब हो रहा है। अनेक पाबंदियों की वजह से नॉर्थ कोरिया अनेक चुनौतियों का सामना करने को मजबूर है।



