व्यापारी की कार में हुई तोड़फोड़ शीशे हुए चकनाचूर

विरोध करने पर मिली जान से मारने की धमकी

ऊसराहार,इटावा। ऊसराहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला खांड़े में शनिवार शाम एक सर्राफा व्यापारी पर दबंगों द्वारा जानलेवा हमला करने और गाड़ी में तोड़फोड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि हमलावर व्यापारी की गाड़ी पर लगे धार्मिक झंडे और राजनीतिक झुकाव को लेकर आक्रोशित थे।

कस्बा ऊसराहार निवासी सर्राफा व्यापारी गौरव कुमार पुत्र उमेश चन्द्र गुप्ता बीती शनिवार की शाम करीब 7 बजे अपने परिजनों के साथ ग्राम नगला खांड़े में आयोजित भागवत कथा के भंडारा भोज में शामिल होने गए थे।

पीड़ित के अनुसार, उनकी कार पर श्रीराम का झंडा लगा हुआ था। गाड़ी पर धार्मिक झंडा लगा देख गांव के नामजद दो नामजद और दो अज्ञात साथियों समेत कुल चार दबंगों ने गौरव कुमार पर ‘भाजपाई’ होने का आरोप लगाते हुए अभद्रता शुरू करदी। और देखते ही देखते दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए गाड़ी के पीछे का शीशा पत्थर मारकर चकनाचूर कर दिया। जब भंडारे में मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, तो दबंग जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग निकले।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष फैल गया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष रवि चक ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक पहचान को लेकर किसी व्यापारी पर हमला करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपेंगे।
पीड़ित गौरव कुमार ने ऊसराहार पुलिस को नामजदो के विरुद्ध तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button