सुभाष युवा मोर्चा ने स्व. अशोक श्रीवास्तव स्मृति व्याख्यान का किया आयोजन, टूटते परिवार और बढ़ते वृद्धाश्रम पर मंथन

गाजियाबाद। सुभाष युवा मोर्चा संगठन द्वारा स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव स्मृति व्याख्यान का आयोजन 28 दिसंबर 2025 को सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी (सुभास पार्टी) के पार्टी कार्यालय, पटेल नगर थर्ड, जगदीश नगर, गाजियाबाद में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस तथा सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक श्रीवास्तव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। यह व्याख्यान उनकी प्रथम पुण्यतिथि (31 दिसंबर 2024) के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया, जिसका विषय था— “टूटते परिवार और बढ़ते वृद्धाश्रम”।
मुख्य वक्ता वीर वीरेंद्र सिंह (प्राचार्य, जे.एस. हिंदू पीजी कॉलेज, अमरोहा) ने कहा कि परिवारों का छोटा होना सामाजिक चिंता का विषय है। संयुक्त परिवारों के विघटन के कारण बुजुर्गों को वह देखभाल नहीं मिल पा रही, जिसके वे हकदार हैं, और मजबूरी में उन्हें वृद्धाश्रमों की ओर जाना पड़ रहा है।
इसके बाद विजय सिंह (पंच आस सेवार्थ समिति, गाजियाबाद) ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आश्रम में रहने वाले अधिकांश बुजुर्ग परिवार की व्यस्तताओं, बीमारी और असहाय स्थिति के कारण वहां रहने को विवश हैं; कई बुजुर्ग संपन्न परिवारों से भी आते हैं।
इस अवसर पर स्व. अशोक श्रीवास्तव की धर्मपत्नी सुषमा श्रीवास्तव ने आयोजन के लिए सुभाष युवा मोर्चा का आभार जताया। संगठन के वरिष्ठ सदस्य मनोज कुमार शर्मा ने बढ़ते वृद्धाश्रमों को गंभीर चिंता बताते हुए आर्थिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से 11,000 रुपये तथा शैलेंद्र श्रीवास्तव द्वारा भी 11,000 रुपये का सहयोग वृद्धाश्रम को प्रदान किया गया। अन्य उपस्थित लोगों ने भी आर्थिक सहायता दी, जिस पर विजय सिंह ने संगठन का आभार व्यक्त किया।



