गाय चोरी: तीन पशु चोर सीसीटीवी में कैद
पांच दिन बाद भी पुलिस के खाली हाथ

इटावा। कड़ाके की ठंड और सर्द रातों का फायदा उठाकर पशु चोरों ने एक पशुपालक के घर से गाय चोरी कर ली। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तीन युवक गाय को खोलकर ले जाते साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित की शिकायत के बावजूद घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस न तो गाय बरामद कर सकी है और न ही चोरों का कोई सुराग लगा पाई है।
घटना फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र के अड्डा गूलर ट्रांसफार्मर वाली गली की है। यहां रहने वाले राजेंद्र कुमार के घर के बाहर पशुबाड़ा बना हुआ है, जहां उनकी गाय बंधी रहती थी। 17 दिसंबर की रात करीब तीन बजे तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने पशुबाड़े का दरवाजा खोला और खूंटे से बंधी गाय को खोलकर गली की ओर खदेड़ते हुए ले गए। सुबह जब राजेंद्र कुमार जागे तो गाय को पशुबाड़े में न देखकर उन्होंने आसपास खोजबीन की। इसके बाद उन्होंने घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी।
फुटेज में साफ नजर आया कि तीन युवक रात के अंधेरे में गाय को चोरी कर ले जा रहे हैं। इसके बाद पीड़ित ने फ्रेंड्स कॉलोनी थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी और लिखित तहरीर के साथ सीसीटीवी फुटेज भी सौंपी। पीड़ित ने पुलिस से गाय की जल्द बरामदगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, लेकिन अब तक पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी है। इस घटना से इलाके के पशुपालकों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि सर्दी के मौसम में रात के समय चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता नजर नहीं आ रही है। स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और पशु चोरी की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।



