गले में है खराश, ये घरेलू उपाय करेंगे चमत्कार
remedies for sore throat: सर्दी-खांसी के दौरान गले में जलन और आवाज बैठने की समस्या आम है। आईये जानते हैं जब आपको ये समस्या हो तो इसका आप कैसे दूर कर सकते हैं।
remedies for sore throat: सर्दी का समय अनेक रोग लेकर आता है, खासकर जुकाम के मरीज इस दौरान अधिक हो जाते हैं। सर्दी-खांसी के बाद अक्सर गला बंद हो जाता है और जलन महसूस होती है। गले में असहजता होने पर कभी-कभी आवाज बदल जाती है या पूरी तरह से चली जाती है।
इस विषय में नोएडा के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. जेके गुप्ता ने बताया कि यह मौसम कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए खतरनाक हो सकता है। वायरल संक्रमण के कारण आप जल्दी सर्दी-खांसी का शिकार हो सकते हैं। सर्दी-जुकाम के दौरान यदि आप बार-बार छींकते या खांसते हैं, तो गले और श्वसन नलिका में सूजन हो जाती है। यही सूजन कई बार हमारी आवाज को प्रभावित करती है या पूरी तरह से आवाज चली जाती है। यदि यह समस्या लंबे समय तक बनी रहती है, तो लैरिंजाइटिस जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। अब जानते हैं इसके समाधान के उपाय।
सुधार का तरीका
यदि आपको शुरुआत में केवल सर्दी-खांसी हो, तो आप गर्म पानी, तुलसी की चाय या काढ़ा (जिसमें लौंग, इलायची और काली मिर्च मिलाई गई हो) पी सकते हैं। इसे दिन में दो-तीन बार पिएं, इससे गले की जलन में राहत मिलेगी। इसके अलावा, सेंधा नमक को पानी में डालकर दिन में 4 बार गरारे करें, इससे श्वसन नलिका की सूजन कम होगी।
भाप लें
यदि आपको सर्दी-जुकाम और गला बैठने की समस्या है, तो भाप लेना भी आरामदायक हो सकता है। भाप को नमक वाले पानी से लें, इसमें विक्स न डालें। डॉक्टर के अनुसार विक्स उतना लाभकारी नहीं होता और इससे गला और खराब हो सकता है। आप केवल नमक के पानी से भाप लें और यदि गला बहुत बैठा हो, तो मुंह खोलकर भाप लेना अधिक प्रभावी हो सकता है।
कब डॉक्टर से मिलें
डॉ. जेके गुप्ता का कहना है कि अगर गले में जलन, आवाज का बैठना या आवाज का बिल्कुल न आना तीन दिन से अधिक समय तक जारी रहे, तो डॉक्टर से संपर्क करें। ऐसी स्थिति में यह गंभीर संक्रमण या गले के घाव का कारण हो सकता है और घरेलू उपाय काम नहीं करेंगे, बल्कि दवाओं से ही राहत मिलेगी।
पीरियड्स के दौरान 5 फूड्स खाएं, दर्द से मिलेगी राहत
क्या न करें
सर्दी-खांसी और गले में जलन के दौरान दही, ठंडी चीजें, चावल, आइसक्रीम और तैलीय चीजों से बचें। इसके अलावा अधिक बोलने से भी गले की समस्या बढ़ सकती है। इस दौरान पानी का अधिक सेवन करें।



