धनराशि खर्च न करने पर तीन पंचायत सचिवों से मांगा गया स्पष्टीकरण

संवाददाता- अमरनाथ यादव प्रतापगढ़
प्रतापगढ़। बाबागंज विकासखंड मुख्यालय पर शुक्रवार को खंड विकास अधिकारी राजेंद्रनाथ पांडेय ने पंचायत सचिवों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जहां एक ओर कड़ाके की ठंड को देखते हुए गौशालाओं में संरक्षित गौवंशों की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए गए, वहीं दूसरी ओर लापरवाही पर कार्रवाई भी देखने को मिली।
खंड विकास अधिकारी ने गौशालाओं में रह रहे गौवंशों के लिए काऊ कोट की व्यवस्था, तिरपाल लगाने एवं ठंड से बचाव के सभी आवश्यक इंतजाम तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान केंद्रीय वित्त की धनराशि का समय से उपयोग न करने पर तीन पंचायत सचिवों व्यास कुमार मौर्य, नवीन कुमार सरोज और नागेंद्र सरोज को नोटिस जारी किया गया। उन्हें दो दिन के भीतर धनराशि खर्च कर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
समयसीमा में जवाब न देने पर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की चेतावनी भी दी गई। बैठक में एडीओ पंचायत केवल प्रसाद, पंचायत सचिव सुनील कुमार, संजय चंद्रा, अरुण कुमार, संदीप कुमार, संजय जायसवाल, पूनम शुक्ला सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।



