मिशन शक्ति के तहत महिला-छात्राओं को किया जागरूक
कोतवाली के महिला हेल्प डेस्क केंद्र पर सम्पन्न हुआ कार्यक्रम

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना परिसर में स्थित महिला हेल्प डेस्क केंद्र पर बुधवार को मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत सीओ आयुषी सिंह ने महिलाओं और स्कूली छात्राओं को उनकी सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जागरुक करते हुए नए कानूनों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महिलाओं बालिकाओं और छात्राओं की सुरक्षा,सम्मान एवं सशक्तिकरण के लिए लगातार व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098, 112, 181 और 1076 महत्वपूर्ण नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके भी बताएं।आगाह किया कि बैंक से संबंधित खाता नंबर,आधार कार्ड या ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सीओ ने स्कूली छात्राओं द्वारा जिज्ञासु प्रश्न पूछने पर उनका संतोषजनक जवाब देकर समाधान किया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष कमल भाटी ने कहा कि प्रत्येक थाने में महिला सिपाही मौजूद हैं जो महिलाओं की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने के लिए तत्पर हैं। उन्होंने महिलाओं से अपनी समस्याओं को महिला सिपाहियों के साथ साझा करने का आग्रह किया।इस मौके पर सिटी इंचार्ज मनीष कुमार,ललित चतुर्वेदी और अवनीश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।



