रामपुर महिला अस्पताल में प्रसव के नाम पर पैसे वसूली का आरोप, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सख्त
प्रसूता से “मिठाई” के नाम पर पैसे मांगने का आरोप—महिला आयोग ने दिए कार्रवाई के आदेश

मंडल प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा
रामपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने आज अपने रामपुर दौरे के दौरान महिला जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं और स्टाफ की उपस्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
इस दौरान एक प्रसूता के परिजनों ने स्टाफ पर प्रसव के नाम पर पैसे मांगने का गंभीर आरोप भी लगाया, जिस पर डॉ. चौहान ने तुरंत अस्पताल प्रशासन से जवाब तलब किया और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
अध्यक्ष ने कहा कि अस्पतालों में महिला मरीजों को सम्मान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलना सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के बाद उन्होंने कन्या जन्मोत्सव योजना के तहत नवजात बच्चियों को गिफ्ट भी वितरित किए और अस्पताल की अन्य सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए।
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के इस निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।



