पार्षद शीतल देयोल पर गोली चलाने वालों की हो जल्द गिरफ्तारी: अरुण चौधरी भुल्लन

गाजियाबाद। वार्ड-9 की पार्षद शीतल चौधरी (देयोल) पर दादरी से घर लौटते समय दो हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। इस हमले को लेकर जाट समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
अखिल भारतीय जाट महासभा गाजियाबाद के जिला अध्यक्ष अरुण चौधरी भुल्लन ने घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि “सत्ताधारी दल की महिला पार्षद पर हमला होना अत्यंत गंभीर विषय है। घटना को तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हमलावरों तक नहीं पहुंच पाई है, जो कि कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।”
उन्होंने कहा कि जब योगी सरकार में महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस करती हैं, वहीं एक जनप्रतिनिधि महिला पर इस तरह का हमला और उसके बाद भी अपराधियों का फरार रहना पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।
भुल्लन ने स्पष्ट कहा कि जाट समाज पूरी तरह पार्षद शीतल चौधरी के साथ खड़ा है और यदि आवश्यक हुआ तो समाज के वरिष्ठ नागरिकों के साथ उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर न्याय की मांग करेगा।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि इस प्रकरण में शामिल हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की घटना को अंजाम देने का साहस न कर सके।



