वनविभाग की मिलीभगत से हो रहा है अवैध कोयला भट्ठी का संचालन

ऊँचाहार, रायबरेली। वनविभाग की मिलीभगत से अवैध तरीके से कोयला भट्ठी का संचालन किया जा रहा है। संचालक के रसूख के चलते वनविभाग शिकायत के बाद भी कार्यवाई से कतरा रहा है।फिलहाल क्षेत्रीय वन अधिकारी ने मामले में जांच कर कार्यवाही की बात कही है। अब देखना ये होगा कि जांच के बाद कार्यवाही होती हैं या फिर खानापूर्ति ये तो आने वाले दिनों में देखा जायेगा।
गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे अमान सिंह गाँव के अमर बहादुर सिंह ने जिला प्रभागीय वन अधिकारी (डी एफ ओ) को दिये शिकायती पत्र में बताया है कि मंझलेपुर गाँव के पास छोर नाले के किनारे अवैध तरीके से कोयला भट्टी संचालित की जा रही हैं।जिससे निकलने वाले धुंए व राख से आमजनमानस प्रभावित हो रहा है।दावा ये भी है कि आबादी के करीब भट्ठी संचालित करवाने में वनविभाग के जिम्मेदारों की संलिप्तता है।
कई बार ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, लेकिन संचालक के रसूख के आगे विभाग ने कोई कार्यवाई नहीं की।दावा है कि संचालक को संरक्षण प्राप्त है, जिससे कार्यवाई करने से जिम्मेदार कतरा रहे हैं।
इनसेट- अवैध भट्ठी के संचालन से उससे निकलने वाले काले धुंए व राख से पर्यावरण दूषित होने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बना हुआ है,लोग सांस की बीमारी की समस्या से ग्रसित हो रहे हैं।जबकि विभाग द्वारा दी गई अनुमति में आबादी क्षेत्र से दूरी को स्पष्टता व्याखित किया गया है।जिसका अनुपालन भी नहीं हो रहा।
इस सम्बंध में क्षेत्रीय वन अधिकारी रवि शंकर ने बताया कि बीते दिनों भट्ठी को बन्द कराया गया था, अगर वर्तमान में भट्ठी संचालित है तो टीम भेजकर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।



