संदिग्ध अवस्था में हुई विवाहित युवक की मौत
परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया आरोप

इटावा। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रतन नगर मोहल्ले में शनिवार रात एक विवाहित युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद ससुराल और मायके पक्ष में आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। परिजनों ने मौत को आत्महत्या बताया तो पत्नी और उसके परिवार ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने युवक के शव का रविवार दोपहर पोस्टमार्टम करवाया।
रतन नगर निवासी 32 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र नेक राम राजपूत की शादी 26 अप्रैल 2021 को सेऊपुर थाना फफूंद, जनपद औरैया निवासी प्रीति से हुई थी। सुनील टाटा एजेंसी में पिछले तीन साल से काम कर रहा था। परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह सुनील रोज की तरह ड्यूटी पर गया था और शाम करीब सात बजे घर लौटा। खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में चला गया। देर रात तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिवार के लोग देखने पहुंचे। कमरे में सुनील बेहोश हालत में मिला।
आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।ममेरे भाई लख्मीचंद ने बताया कि कुछ देर पहले ही सुनील की पत्नी प्रीति से फोन पर बात हुई थी। बातचीत के बाद ही उसने यह कदम उठाया। पुलिस को शक है कि सुनील ने पारिवारिक तनाव के चलते आत्महत्या की है। वहीं मृतक की पत्नी प्रीति और उसके भाई ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।
ससुराल पक्ष सुनील की दूसरी शादी करवाना चाहता था और इसी कारण प्रीति को बार-बार प्रताड़ित किया जाता था। प्रीति के भाई ने बताया कि साल 2022 में जब प्रीति गर्भवती थी, तब सास-ससुर और देवर ने मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इसके बाद उसने घरेलू हिंसा और भरण-पोषण के लिए कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया था। मामला मीडिएशन सेंटर में गया, जहां समझौते के बाद दोनों फिर से साथ रहने लगे थे।
भाई दूज के दिन 22 अक्टूबर को सुनील खुद पत्नी को मायके छोड़ गया था। प्रीति का कहना है कि 25 अक्टूबर की रात करीब साढ़े सात बजे उसकी देवरानी का फोन आया कि सुनील की हालत खराब है और उसे पीट-पीटकर मार डाला गया है। जब मायके पक्ष ने पुलिस को सूचना दी तो शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिवार में मां नारायणी देवी, छोटा भाई शिवम और तीन वर्षीय बेटी प्रिंसी है। बेटी को रविवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में मां को सौंपा गया।
घटना के बाद पोस्टमार्टम हाउस के बाहर दोनों पक्षों में गहमागहमी का माहौल बना रहा। जिसके बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइन ने मायके पक्ष को समझा बुझाकर शांत करवाया। परिजन शव को लेकर चले गए, जिसके बाद भी पत्नी और उसके परिजन रोते बिलखते रहे। पुलिस पर उनकी शिकायत दर्ज न करने का आरोप लगाते रहे। थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।



