मऊ का औद्योगिक शिक्षण संस्थान बना प्लेसमेंट हब, कंपनियों ने दिए आकर्षक पैकेज

एमआरएफ, रेमसंस और ओटर इंडिया ने मऊ के छात्रों को दी जॉब ऑफर

मऊ। युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक शिक्षण संस्थान, मऊ में भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में देश की तीन प्रमुख कंपनियों—एमआरएफ लिमिटेड चेन्नई, रेमसंस इंडस्ट्री लिमिटेड गुड़गांव और ओटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पुणे—ने प्रतिभाग किया। संस्थान परिसर में सुबह से ही युवाओं की भीड़ उमड़ पड़ी और कैंपस सेलेक्शन प्रक्रिया पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुई।

मेले में एमआरएफ कंपनी ने अप्रेंटिस के पदों के लिए चयन प्रक्रिया संचालित की। चयनित युवाओं को 15,000 रुपए मानदेय के रूप में प्रतिमाह दिया जाएगा। खास बात यह रही कि एमआरएफ ने आधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए ऑनलाइन इंटरव्यू का आयोजन किया, जिससे छात्रों में डिजिटल चयन प्रणाली का भी अनुभव प्राप्त हुआ।

वहीं, रेमसंस इंडस्ट्री लिमिटेड गुड़गांव ने तकनीकी पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया। इस कंपनी में चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 20,000 रुपए सीटीसी के रूप में वेतन पैकेज मिलेगा। इसके लिए कंपनी प्रतिनिधियों ने ऑफलाइन इंटरव्यू प्रक्रिया पूरी की, जिसमें युवाओं ने अपनी तकनीकी दक्षता और हुनर का प्रदर्शन किया।
ओटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पुणे भी इस अवसर पर मौजूद रही।

कंपनी ने 23,000 रुपए सीटीसी का आकर्षक पैकेज घोषित किया।

ओटर के प्रतिनिधियों ने भी ऑफलाइन इंटरव्यू के जरिए युवाओं की क्षमता को परखा और चयन प्रक्रिया संपन्न की।

पूरे मेले में कुल 350 रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया। युवाओं ने इसे सुनहरे अवसर के रूप में देखा और उत्साहपूर्वक भागीदारी की। संस्थान परिसर में सजी कंपनियों की स्टॉल्स और इंटरव्यू डेस्क पर युवाओं की खासी भीड़ देखी गई। रोजगार मेले में छात्रों ने न केवल नौकरी का अवसर पाया बल्कि कंपनियों से उद्योग जगत की नई चुनौतियों और कार्यप्रणाली की जानकारी भी प्राप्त की। चयनित छात्रों के चेहरे पर जहां आत्मविश्वास झलक रहा था, वहीं अन्य युवाओं ने भी भविष्य में बेहतर तैयारी के साथ भाग लेने का संकल्प लिया।

संस्थान प्रबंधन ने इस आयोजन को सफल बताते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को हुनरमंद बनाने और उद्योगों से जोड़ने की दिशा में अहम कदम हैं। इस अवसर पर कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी युवाओं की ऊर्जा और कौशल की प्रशंसा की।

Related Articles

Back to top button