गैंगेस्टर एक्ट के तहत की अवैध संपत्ति कुर्क

गुलाम रब्बानी की अवैध कमाई से खरीदी गई अपाचे बाइक जब्त

जनपद मऊ पुलिस को अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मऊ इलामारन के निर्देशन में जनपद में सक्रिय अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में आज थाना दक्षिण टोला पुलिस द्वारा थाना सरायलखंसी क्षेत्र के रहने वाले सक्रिय अपराधी गुलाम रब्बानी पुत्र इसराईल निवासी अलीनगर, सरायलखंसी की अवैध संपत्ति को कुर्क किया गया।

गुलाम रब्बानी के खिलाफ थाना सरायलखंसी एवं जनपद मऊ के विभिन्न थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वह गोवंश की अवैध तस्करी समेत कई आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि अभियुक्त ने अपने अपराध से अर्जित अवैध धन से एक अपाचे मोटरसाइकिल (नं. UP54AS 7562) खरीदी थी, जिसकी कीमत एक लाख पच्चीस हजार रुपये है। इसी बाइक को आज पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत धारा 14(1) गैंगेस्टर एक्ट के अंतर्गत कुर्क किया।

पुलिस अधीक्षक मऊ के आदेश पर यह कार्रवाई सीओ सिटी राजकुमार व थाना दक्षिण टोला पुलिस टीम की देखरेख में की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जब्ती की कार्यवाही पूरी की। इस दौरान स्थानीय लोगों को भी बताया गया कि अपराध से अर्जित किसी भी प्रकार की संपत्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

अभियुक्त का आपराधिक इतिहास

पुलिस रिकार्ड के अनुसार अभियुक्त गुलाम रब्बानी के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गोवंश अधिनियम, भादवि की धारा 307/120बी, तथा गैंगेस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराएँ शामिल हैं। थाना सरायलखंसी व मुबारकपुर (आजमगढ़) थानों में दर्ज मुकदमों से यह साफ होता है कि वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।

Related Articles

Back to top button