सहकारिता विभाग का सदस्यता महाअभियान, शिवगढ़ में किसानों ने ली सदस्यता

शिवगढ़, रायबरेली। सहकारिता विभाग द्वारा 12 सितम्बर से 12 अक्टूबर तक संचालित सदस्यता महाअभियान के अंतर्गत मंगलवार को शिवगढ़ संघ में सदस्यता महा अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला सहकारी बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी बृजेश कुमार विश्वकर्मा तथा वरिष्ठ शाखा प्रबंधक वेद प्रकाश पाण्डेय ने किसानों और अर्धकिसानों को सदस्यता अभियान की जानकारी दी और उन्हें मात्र 226 रुपए में सदस्यता दिलाई।

अधिकारियों ने बताया कि इस राशि में 200 रुपए शेयर के है, 21 रुपए सदस्यता शुल्क है तथा 5 रुपए कृषक पंजिका शुल्क के हैं। कृषक पंजिका किसानों को पासबुक की तरह दी जाएगी, जिसमें खाद लेने सहित अन्य लेन-देन अंकित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भविष्य में सबसे पहले खाद का वितरण पंजीकृत सदस्यों को किया जाएगा, उसके बाद अन्य किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान बृजेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प “सहकार से समृद्धि” इस अभियान के माध्यम से पूरा किया जा रहा है। किसानों को एम-पैक्स बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति का सदस्य बनने के लिए नजदीकी एम-पैक्स केंद्र अथवा जिला सहकारी बैंक शाखा से सम्पर्क करना होगा। साथ ही टोल-फ्री नंबर 1800212884444 पर कॉल कर किसान अपना जनपद, विकास खण्ड और गांव का नाम दर्ज कर सकते हैं।

संबंधित अधिकारी 24 घंटे के भीतर किसानों से संपर्क कर आगे की प्रक्रिया पूरी करेंगे। इस अवसर पर संगीत कुमार, अशोक कुमार यादव, अमित सिंह, सुशील गिरि, अनिल शुक्ला, राकेश प्रताप सिंह, राजेश सिंह समेत कई किसानों ने सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में मौजूद किसानों ने इसे लाभकारी पहल बताया और सहकारिता आंदोलन से जुड़ने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button