महिला की ससुराल में संदिग्ध मौत: दहेज हत्या का आरोप

चौबिया,इटावा। चौबिया थाना क्षेत्र के नगला पाय गांव में बुधवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के कमरे के भीतर मिला। मौत की खबर से गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मायके वालों ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है।

मृतका की पहचान नीतू यादव 22 वर्ष पत्नी सौरभ यादव निवासी नगला पाय के रूप में हुई। नीतू की शादी 19 जून 2022 को औरैया जनपद के नगला खगा अछल्ला निवासी रामकिशन यादव ने अपने इकलौते बेटे सौरभ यादव से की थी। शादी को अभी चार साल भी पूरे नहीं हुए थे। बुधवार सुबह नीतू का शव कमरे के भीतर मृत अवस्था में पाया गया। उस समय घर में सास मौजूद नहीं थी,जो रिश्तेदारी में गई हुई थी,जबकि पति और ससुर मौके से फरार हो गए।

ग्रामीणों ने बताया कि महिला के सीने के बाईं ओर खरोंच के निशान मिले हैं। घटना की जानकारी जैसे ही मायके पक्ष को मिली,वे भी गांव पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतू की हत्या दहेज की मांग को लेकर की गई है। मृतका के भाई भोला यादव,जो उत्तर प्रदेश पुलिस में आगरा ट्रैफिक विभाग में सिपाही हैं, ने कहा कि बहन की शादी में पिता ने 18 लाख रुपये नगद और काफी सामान दिया था।

इसके बावजूद ससुराल वाले दहेज की मांग करते रहते थे।

भोला यादव ने बताया कि बहन का पति सौरभआए दिन मारपीट करता था और कहता था कि हमें प्रॉपर्टी के हिसाब से कम दहेज मिला है।

7 सितंबर को भी सौरभ ने नीतू की पिटाई की थी। इस घटना की जानकारी नीतू ने अपने भाई को फोन पर दी थी। जब भाई ने इसका विरोध किया तो दामाद ने उसे भी गाली दी और धमकी दी थी। भोला यादव ने साफ कहा कि उसकी बहन की हत्या पति,सास और ससुर ने मिलकर की है और वह इसके लिए जिम्मेदार हैं। घटना की जानकारी पाकर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। मायके पक्ष ने हंगामा करते हुए उच्च अधिकारियों को बुलाने और सख्त कार्रवाई की मांग की अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सैफई रामगोपाल शर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।

अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। शाम तक शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान तहसीलदार सदर भी मौके पर मौजूद रहे। सीओ सैफई रामगोपाल शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। अभी परिजनों की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button