होटल के सिलेंडर में लगी आग की चपेट में आए टावर का लाखों का नुकसान

महराजगंज, रायबरेली। कस्बे के चंदापुर चौराहे पर एक होटल के किचन में गैस सिलेंडर में रिसाव की वजह से आग लग गई, आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की लपटों ने बगल में लगे मोबाइल टावर के तारों को अपने आगोश में ले लिया, जिससे टावर के लाखों के उपकरण जलकर राख हो गए, आग बुझाने के प्रयास में एक होटल कर्मी भी मामूली रूप से झुलस गया, जिसका इलाज निजी अस्पताल में कराया गया।

घटना कस्बे के चंदापुर चौराहे के पास नरेश स्वीट हाउस की है। मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे नरेश स्वीट हाउस के किचन में समोसे के लिए आलू उबालते समय गैस सिलेंडर में गैस का रिसाव होने से सिलेंडर में आग लग गई, किचन में काम कर रहे होटल मालिक राम नरेश मौर्या के भाई शीतला प्रसाद मौर्या ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वह आग पर काबू न पा सके,आग बुझाने के चक्कर में उनका पैर झुलस गया,आग बुझाने के चक्कर में सिलेंडर में लगी आग ने कड़ाही में रखे तेल व पास में लगे टावर के तारों को अपने आगोश में ले लिया।

देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। होटल कर्मियों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड जब तक आग पर काबू पाती तब तक मोबाइल टावर के लाखों के उपकरण जलकर राख हो गए, वहीं होटल के किचन में रखा सामान भी जलकर राख हो गया।फायर ब्रिगेड कर्मी आरके तिवारी व सुरेश यादव के अनुसार समय रहते आग पर काबू पाया गया जिससे बड़ी घटना होने से बच गई।

गनीमत रही कि किचन में रखे अन्य गैस सिलेंडरों तक आग नहीं पहुंची नहीं तो आग पर काबू पाना मुश्किल होता।

होटल में आग पर काबू पाने के लिए दो फायर एग्सीड्यूसर होने के बाद भी होटल कर्मियों ने उनका उपयोग नहीं किया।

नियम कानून को ताख पर रख हो रहा होटल का संचालन

क्षेत्र के अधिकतर होटलों में व्यवसायिक गैस सिलेंडर की बजाय घरेलू सिलेंडरों का प्रयोग होता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक किचन में घरेलू सिलेंडर का उपयोग होता था व किचन भी मानक के अनुरूप नहीं बना है,नाम न छापने की शर्त पर एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि खाद्य विभाग व अन्य विभागों को मोटी रकम देकर मनमानी तरीके से होटल का संचालन किया जा रहा था।

मनमानी का ही नतीजा है कि पुरानी जर्जर भट्ठियों पर व्यंजन तैयार करते समय गैस सिलेंडर में आग लगने पर अग्नि शमन यंत्र शोपीस में सजे रहे और आग ने विकराल रूप धारण कर किचन के पास लगे मोबाइल टावर को अपने आगोश में ले लिया और टावर के लाखों के उपकरण जलकर राख हो गए।

होटल संचालक की लापरवाही से टावर में लगी आग

एअरटेल/वोडाफोन मोबाइल टावर में आग लगने की सूचना पर एरिया मैनेजर रवि मिश्रा पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, श्री मिश्रा के अनुसार गैस सिलेंडर में गैस के रिसाव से आग लगने के बाद होटल संचालकों ने सिलेंडर को टावर की तरफ धकेल दिया, जिससे टावर के केबल एवं बीटीएस में आग लग गई, जिससे 10 से 15 लाख के नुकसान का अनुमान है।

कोतवाली पुलिस को होटल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। मामले में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि टॉवर संचालक सुशील तिवारी द्वारा तहरीर दी गई है जांच कराकर कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Back to top button