सड़क के गड्ढे में गिरी स्कूटी: जेई घायल
सामने से आ रहे वाहन की लाइट से आंखें चौंधियाने पर हुआ हादसा

जसवंतनगर,इटावा। शुक्रवार देर शाम नगर से बंबा किनारे बलरई जाने वाले मार्ग पर राजपुर गांव के समीप सड़क के गड्ढे में स्कूटी गिरने से मनरेगा के जेई घायल हो गए। हादसे के बाद मौके से गुजर रही बलरई थाना पुलिस की पीआरवी ने घायल को सड़क किनारे से उठाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।
फिरोजाबाद जिले के थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव खटुआमई निवासी 28 वर्षीय मोहित पुत्र अजय यादव औरैया जिले के अछल्दा ब्लॉक में मनरेगा में जेई के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार देर शाम वह स्कूटी से अपने गांव जा रहे थे। जैसे ही वह राजपुर गांव के समीप पहुंचे,वहां पेचवर्क के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा गया था।
इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी आंखों में पड़ने से उनकी आंखें चौंधिया गईं। इससे स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में जा गिरी। हादसे में मोहित घायल हो गए। उसी समय वहां से गुजर रही बलरई थाने की पीआरवी ने उन्हें गड्ढे में पड़ा देखा और बाहर निकालकर परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे परिजन घायल मोहित को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए।



