घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना हुई कैद दुष्कर्मी गिरफ्तार

जसवंतनगर,इटावा। बलरई थाना क्षेत्र के ग्राम पीहरपुर में एक विवाहिता ने गांव के ही युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

पीड़िता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका पति गुजरात में रहकर नौकरी करता है। 19 मई 2026 की रात वह अपने बच्चों के साथ घर पर अकेली थी। आरोप है कि रात करीब आठ बजे गांव निवासी मिथुन उर्फ लोली पुत्र भारत सिंह उसके घर में घुस आया और जबरन दुष्कर्म किया। महिला का कहना है कि घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है।

घटना के बाद पीड़िता ने थाना बलरई पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी थानाध्यक्ष जसवंत सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी मिथुन उर्फ लोली निवासी ग्राम पीहरपुर, थाना बलरई के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पीड़िता के बयान धारा 180 बीएनएसएस के तहत दर्ज किए गए हैं तथा उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button