बाबा साहब की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर मचा हड़कंप
नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में घटना, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मामला

गाजियाबाद। कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब किसी असामाजिक तत्व द्वारा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ किए जाने की सूचना सामने आई। प्रतिमा के चेहरे पर गंदा पदार्थ लगाने का प्रयास किए जाने की बात स्थानीय लोगों की ओर से कही गई, जिसके बाद आसपास के लोगों में नाराजगी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। एसीपी और कोतवाली प्रभारी ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की।
पुलिस की मौजूदगी में प्रतिमा को पानी से साफ कराया गया। साथ ही स्थानीय लोगों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस का सहयोग करते हुए किसी तरह का विवाद या हंगामा नहीं होने दिया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के संबंध में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से घटना की जांच कर रही है।



