सिहानी गेट पुलिस ने वाहन चोर को दबोचा, क्रेटा कार और तीन बुलेट बरामद

गाजियाबाद। थाना सिहानी गेट पुलिस ने वाहन चोरी के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की सफेद रंग की क्रेटा कार, चार नंबर प्लेट और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। आरोपी की निशानदेही पर हिंडन नदी के पास कब्रिस्तान के पीछे झाड़ियों से चोरी की तीन रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर को थाना सिहानी गेट की टीम मुकदमा अपराध संख्या 0357/2026, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित चोरी के वाहन की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मेरठ तिराहे के पास से आबिद (34) पुत्र सब्बीर, निवासी ग्राम पंजी सराय, थाना नौगांवा देहात, जिला अमरोहा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सफेद रंग की क्रेटा कार, चार नंबर प्लेट, दो मास्टर की, एक पेचकस, डबल टेप, वायर कटर और पेपर कटर बरामद किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर हिंडन नदी के पास कब्रिस्तान के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं तीन चोरी की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिलें भी बरामद हुईं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।



