स्कूलों में शिकायत पेटियों से खुली बच्चों के मन की बात, 20 शिकायतों पर कार्रवाई शुरू

गाजियाबाद। मिशन शक्ति अभियान के तहत गाजियाबाद पुलिस ने स्कूली बच्चों की समस्याएं सुनने के लिए शिकायत पेटियां लगाई हैं। इनमें एसी नहीं चलने, गेम पीरियड न मिलने और भारी स्कूल बैग जैसी शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस को एक दिन में कई शिकायतें मिलीं, जिनमें 20 सही पाए जाने पर निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसीपी कोतवाली उपासना पाण्डेय ने बताया कि शिकायत पेटियां केवल एसीपी स्तर के अधिकारी की मौजूदगी में खोली जाएंगी। गंभीर और गोपनीय शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों की समस्याओं का समाधान करने के साथ पुलिस के प्रति उनका डर दूर करना और सुरक्षा व विश्वास की भावना मजबूत करना है।



