छोटा कारोबार शुरू करने वालों की खुली किस्मत! बिना गारंटी मिलेगा 20 लाख तक का मुद्रा लोन, नियम बदले!

PM Mudra Loan Scheme 2026: स्वरोजगार को बढ़ावा देने और छोटे कारोबारियों को पूंजी की कमी से निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) का दायरा और मजबूत कर दिया है। सरकार ने क्रेडिट गारंटी फंड को अगले पांच वर्षों तक निरंतर जारी रखने के लिए ₹5,000 करोड़ के बड़े बजट को हरी झंडी दे दी है। इस महत्वपूर्ण फैसले के बाद अब सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) से जुड़े उद्यमियों और नए व्यापारियों को ₹50,000 से लेकर अधिकतम ₹20 लाख तक का वित्तीय ऋण बिना किसी संपत्ति को गिरवी रखे (कोलैटरल-फ्री) आसानी से मिल सकेगा।
मुद्रा योजना के तहत फंड की जरूरत के आधार पर ऋण को चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है। सबसे पहली ‘शिशु’ श्रेणी में नए उद्यमियों को ₹50,000 तक की वित्तीय सहायता दी जाती है। इसके बाद ‘किशोर’ श्रेणी में ₹50,001 से ₹5 लाख तक का कर्ज मिलता है, जबकि ‘तरुण’ श्रेणी में ₹5 लाख से लेकर ₹10 लाख तक की लिमिट निर्धारित है। हाल ही में शुरू की गई ‘तरुण प्लस’ श्रेणी में ऋण सीमा को ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹20 लाख तक किया गया है। ₹20 लाख के अधिकतम लोन का लाभ केवल उन उद्यमियों को मिलेगा जिन्होंने पहले ‘तरुण’ श्रेणी का लोन लेकर तय समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक चुका दिया हो। पहली बार स्टार्टअप या बिजनेस शुरू करने वाले आवेदक अपनी जरूरत के अनुसार शिशु, किशोर या तरुण श्रेणी में आवेदन कर सकते हैं।
कौन उठा सकता है फायदा
यदि आप भारत के नागरिक हैं और गैर-कृषि क्षेत्र के अंतर्गत विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग), व्यापार (ट्रेडिंग) या सेवा (सर्विस) क्षेत्र में कोई छोटा कारोबार शुरू करना चाहते हैं, तो इस योजना के लिए पूर्ण पात्र हैं। इसमें किराना स्टोर, बुटीक, सिलाई-कढ़ाई केंद्र, ब्यूटी पार्लर, इलेक्ट्रॉनिक्स या ऑटो रिपेयरिंग शॉप, फूड प्रोसेसिंग, डेयरी, पोल्ट्री फार्मिंग और लघु निर्माण इकाइयां शामिल हैं। योजना की मुख्य खूबी यह है कि इसमें लोन के बदले बैंक को कोई अतिरिक्त जमीन, सोना या मकान जैसी अचल संपत्ति गिरवी रखने की बाध्यता नहीं होती है।
मुद्रा लोन के लिए इच्छुक कारोबारी किसी भी नजदीकी सरकारी बैंक, निजी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) या गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (NBFC) की शाखा में सीधे संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा केंद्र सरकार के डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘जनसमर्थ पोर्टल’ (jansamarth.in) पर जाकर घर बैठे ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है। आवेदन के वक्त आवेदक के पास पहचान प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, बैंक खाते का विवरण, व्यवसाय का ब्योरा और प्रोजेक्टेड बिजनेस प्लान होना आवश्यक है। बैंक संबंधित आवेदक के बिजनेस मॉडल, कैश फ्लो और लोन चुकाने की क्षमता का आकलन करने के बाद ही मंजूरी जारी करते हैं।
SBI VS सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया: 1 साल की FD में ₹50,000 जमा करने पर कहां मिलेगा बंपर मुनाफा? देखें पूरा कैलकुलेशन
मुद्रा योजना के तहत भारतीय रिजर्व बैंक या सरकार की ओर से कोई निश्चित ब्याज दर तय नहीं की गई है। सभी बैंक और वित्तीय संस्थान आवेदक के क्रेडिट स्कोर, वित्तीय जोखिम और अपनी आंतरिक ऋण नीतियों के आधार पर ब्याज दरें निर्धारित करते हैं। ऐसे में लोन एग्रीमेंट साइन करने से पहले ब्याज दर, प्रोसेसिंग फीस, ईएमआई और लोन अदायगी की समय सीमा की जानकारी संबंधित बैंक से जुटा लेना जरूरी है। यह ध्यान रखना आवश्यक है कि मुद्रा योजना कोई सरकारी अनुदान या सब्सिडी नहीं है, बल्कि एक व्यावसायिक ऋण है जिसकी किस्तों को तय नियमों के अनुसार वापस चुकाना अनिवार्य होता है।



