आउटसोर्स कर्मचारियों को मिला बोनस
सैफई में पहली बार चार सैकड़ा से अधिक कर्मियों को बोनस मिलने हर्ष एवं उत्साह का माहौल

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई में कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के कुशल नेतृत्व,दूरदर्शिता एवं कर्मचारी हितों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय के 400 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों को पहली बार त्योहारों के अवसर पर बोनस प्रदान किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन की इस सराहनीय पहल से कर्मचारियों में खुशी, उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।
उल्लेखनीय है कि विश्वविद्यालय में कार्यरत संविदा एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को इससे पूर्व कभी बोनस का लाभ प्राप्त नहीं हुआ था। लंबे समय से यह एक ऐसी अपेक्षा थी,जिसे पूरा करना कर्मचारियों के लिए असंभव सा प्रतीत हो रहा था। लेकिन कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व, सकारात्मक पहल एवं कर्मचारियों के प्रति संवेदनशीलता के चलते यह संभव हो सका।
त्योहारों के अवसर पर 400 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों को बोनस का लाभ प्रदान किया जाना विश्वविद्यालय प्रशासन की कर्मचारी कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस ऐतिहासिक निर्णय से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।
इस अवसर पर चतुर्थ श्रेणी संविदा सफाई कर्मचारी संघ,सैफई, इटावा की ओर से कुलपति के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। संघ के सदस्यों ने कहा कि कुलपति के इस सराहनीय एवं ऐतिहासिक निर्णय से सभी कर्मचारियों में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। सभी कर्मचारी विश्वविद्यालय प्रशासन के इस सहयोग के लिए सदैव आभारी रहेंगे।
कर्मचारी संघ ने भविष्य में भी माननीय कुलपति महोदय से इसी प्रकार आशीर्वाद,सहयोग एवं मार्गदर्शन बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
विश्वविद्यालय प्रशासन का यह कदम न केवल कर्मचारियों के आर्थिक हितों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को प्रदर्शित करता है,बल्कि संस्थान के प्रत्येक कर्मचारी के सम्मान,कल्याण एवं बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल है।



