शॉर्ट सर्किट से घर में लगी भीषण आग, छत के रास्ते बचा पूरा परिवार

सुजीत कुमार मऊ

मऊ : सोमवार तड़के हनुमान नगर कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब राकेश कुमार राय के मकान में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 4 बजे भोर में हुए इस हादसे की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरे घर में धुएं का गुबार और लपटें उठने लगीं।

जिस समय आग लगी, उस वक्त परिवार के सभी लोग घर के अंदर सो रहे थे। आग की लपटें देखकर चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि समय रहते पूरे परिवार ने समझदारी दिखाई और छत के सहारे मकान के पीछे के रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा।

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन गली काफी संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ी सीधे घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई। इसके बाद स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। आसपास के पड़ोसियों ने पानी और बाल्टियों के सहारे आग बुझाना शुरू किया। स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 2 घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।

हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस अगलगी में घर के अंदर खड़ी 2 बाइक, 2 स्कूटी और घर का सारा कीमती घरेलू सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। पीड़ित मकान मालिक राकेश कुमार राय के अनुसार, इस हादसे में लगभग ₹5 लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान है। सुबह-सुबह हुई इस घटना से पूरी कॉलोनी के लोग सहमे हुए हैं।

Related Articles

Back to top button