कमरे से आई एक तेज आवाज, फिर नायब तहसीलदार का शव मिला… राज गहराया
बिजनौर में तैनात नायब तहसीलदार की संदिग्ध हालात में मौत, जांच शुरू

बिजनौर में तैनात नायब तहसीलदार राजकुमार (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने जिले भर में सनसनी फैला दी है। बुधवार सुबह उनका शव उनके ही सरकारी क्वार्टर में बेहद गंभीर हालत में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजकुमार हाल ही में इलाहाबाद हाईकोर्ट की एक सरकारी यात्रा से लौटे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब आठ बजे वह (नायब तहसीलदार) अपने सरकारी निवास पर पहुंचे और सीधे अपने कमरे में चले गए। दरवाजा उन्होंने अंदर से बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद कमरे के भीतर से तेज आवाज आई जिसने घरवालों को चौका दिया।
ये भी पढ़ें- ससुरालियों का हमला: युवक और उसकी मां को लाठी-डंडे से मारा, पुलिस कर रही है जांच
परिवार के लोग जब दरवाजे तक पहुंचे तो कोई जवाब नहीं मिला। बार-बार दरवाजा खटखटाने और आवाजें लगाने के बावजूद जब कोई प्रतिक्रिया नहीं आई तो अन्य लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का नजारा देखकर सभी सन्न रह गए। राजकुमार गंभीर रूप से घायल हालत में पड़े थे। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
डॉक्टरों के मुताबिक गोली सिर के आर-पार हो चुकी थी। तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी जसजीत कौर, एसडीएम रितु रानी और एडीएम प्रशासन विनय सिंह मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि कमरे को सील कर दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।



