गरीबों, दिव्यांगों और जरूरतमंदों की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित की गई। इसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में भूमि एवं संपत्ति पर अवैध कब्जे, राजस्व विवाद, भूमि संबंधी धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से संबंधित मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने कई मामलों में मौके पर ही तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गरीब, असहाय, दिव्यांगजन, विधवा महिलाओं और अन्य जरूरतमंद पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित करने पर जोर दिया।

जनसुनवाई में कुछ लोग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे, तो कई लोग समस्याओं का निस्तारण होने पर जिलाधिकारी का आभार जताने पहुंचे। वहीं, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में लक्ष्य हासिल करने के लिए जिलाधिकारी से सहयोग प्राप्त करने वाले लोग भी अपनी उपलब्धियों की खुशी साझा करने के लिए डीएम कार्यालय पहुंचे।

इस दौरान एडीएम ई ज्योति मौर्या, सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button