लोनी में कीटनाशी उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण, बीज बुकिंग में लापरवाही पर प्रभारी को चेतावनी

उप कृषि निदेशक ने बीज गोदाम की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दो दिन में शत-प्रतिशत बुकिंग पूरी करने के निर्देश

गाजियाबाद। शासन एवं कृषि विभाग द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन सुनिश्चित कराने के लिए उप कृषि निदेशक, गाजियाबाद ने लोनी क्षेत्र में कीटनाशी उत्पादन इकाइयों और राजकीय बीज गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित मानकों का पालन करने तथा किसानों को समय से कृषि निवेश उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

उप कृषि निदेशक ने रूप नगर स्थित मैसर्स कोणार्क इंटरनेशनल और इंडस्ट्रियल एरिया, लोनी स्थित मैसर्स ट्रॉपिकल एग्रो की उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान फर्म प्रतिनिधियों को एसओपी के प्रावधानों की जानकारी देते हुए सुरक्षित भंडारण, आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों की उपलब्धता और अन्य निर्धारित व्यवस्थाओं का नियमानुसार पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके बाद राजकीय बीज गोदाम एवं कृषि रक्षा इकाई, लोनी का निरीक्षण कर बीजों की उपलब्धता, किसानों की बुकिंग तथा बीज और जैव कीटनाशी रसायनों के वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। बीज भंडार प्रभारी चंद्र प्रकाश और प्राविधिक सहायक वर्ग-2 डार्विन पाल को निर्देशित किया गया कि ब्लॉक में उपलब्ध सभी बीजों एवं जैव कीटनाशी रसायनों का वितरण पीओएस मशीन के माध्यम से जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को समय पर कृषि निवेश मिल सके।

केवल पांच किसानों की बुकिंग मिलने पर जताई नाराजगी

समीक्षा के दौरान बीज भंडार प्रभारी ने बताया कि निरीक्षण के दिन केवल पांच किसानों की बुकिंग की गई थी। बुकिंग की प्रगति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उप कृषि निदेशक ने प्रभारी को कठोर चेतावनी दी। साथ ही, गोदाम और ब्लॉक परिसर में बीजों की उपलब्धता तथा अनुमन्य अनुदान से संबंधित जानकारी के बैनर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए।

दो दिन में शत-प्रतिशत बुकिंग पूरी करने के निर्देश

उप कृषि निदेशक ने ब्लॉक के सभी संबंधित कर्मचारियों को आवंटित लक्ष्य के सापेक्ष अगले दो दिनों में शत-प्रतिशत बीज बुकिंग पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को बीज एवं अन्य कृषि निवेशों की उपलब्धता की जानकारी समय से दी जाए और वितरण प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय योजनाओं और निर्धारित लक्ष्यों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button