महिला चौपालों में सुनीं समस्याएं, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति किया जागरूक

गाजियाबाद। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए गाजियाबाद पुलिस का विशेष अभियान जारी है। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर चलाए जा रहे नौ दिवसीय अभियान के चौथे दिन पुलिस अधिकारियों और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने नारी संरक्षण गृहों व आश्रय गृहों का भ्रमण किया। यहां रह रहीं महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उनका हालचाल जाना और दीपावली के अवसर पर पर्व संबंधी सामग्री वितरित की।

पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य उन्हें सुरक्षा और सहयोग का भरोसा दिलाने के साथ समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

वहीं, कमिश्नरेट के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महिला बीट पुलिसकर्मियों ने महिला चौपालों का आयोजन किया। इनमें महिलाओं की समस्याएं सुनी गईं और उन्हें कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं तथा स्वरोजगार के प्रति जागरूक किया गया। पैरा लीगल वालंटियर्स और महिला वालंटियर फोर्स की सदस्यों ने भी सहभागिता की।

चौपालों में प्राप्त शिकायतों के नियमानुसार निस्तारण के लिए मिशन शक्ति केंद्रों के कर्मचारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित व सम्मानजनक वातावरण तैयार करने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।

Related Articles

Back to top button