एसजी शिखर हाइट्स में भव्य डांडिया नाइट, माता रानी की झांकी ने मोहा मन

सिद्धार्थ विहार। एसजी शिखर हाइट्स, सिद्धार्थ विहार में आयोजित भव्य डांडिया नाइट में सोसाइटी के निवासियों ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। शाम 6:30 बजे से रात 10:30 बजे तक चले इस रंगारंग आयोजन में भक्ति, संस्कृति, संगीत और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिला। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने गरबा और डांडिया की धुनों पर जमकर आनंद लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माता रानी और मां काली की भव्य झांकी रही। इसमें मां काली के रौद्र स्वरूप और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रभावशाली चित्रण किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में सोसाइटी के निवासियों ने करीब 14 मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। समूह नृत्य, एकल नृत्य, युगल प्रस्तुतियों के साथ पारंपरिक गरबा और डांडिया ने दर्शकों का मन मोह लिया। नटखट गरबा स्टार्स, सात रंग एक साथ, लिली एंड लोटस ग्रुप, रोज ग्रुप, रास रसिका और रास मणि गरबा खेलैयो सहित विभिन्न समूहों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

भव्य एलईडी मंच, लाइव डीजे, प्रोफेशनल डांस ग्रुप और एंकरिंग ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ाई। इसके अलावा खरीदारी के लिए आभूषण, कपड़े, दिवाली व करवाचौथ के सामान और घरेलू वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए। चाट, पिज्जा, छोले-भटूरे, जलेबी, आइसक्रीम और कुल्फी के फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, किड्स ट्रेन और विभिन्न खेलों की व्यवस्था की गई।

आयोजन ने सोसाइटी के निवासियों को आपसी मेलजोल बढ़ाने और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर दिया। गरबा और डांडिया की धुनों के बीच उत्साह, सौहार्द और सामुदायिक एकता का संदेश देते हुए कार्यक्रम यादगार बन गया।

Related Articles

Back to top button