मेरठ और वाराणसी में होने वाली ईएलसी-ईसीआईनेट क्षेत्रीय कॉन्फ्रेंस स्थगित

गाजियाबाद। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा उत्तर प्रदेश में आयोजित की जाने वाली ‘ईएलसी और ईसीआईनेट पर क्षेत्रीय सम्मेलन’ को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को मेरठ और 28 सितंबर 2026 को वाराणसी में प्रस्तावित क्षेत्रीय सम्मेलन अब निर्धारित तिथियों पर आयोजित नहीं होंगे।
इन क्षेत्रीय सम्मेलनों का उद्देश्य निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) और ईसीआईनेट से संबंधित गतिविधियों, जानकारी और जागरूकता को बढ़ावा देना था। निर्वाचन आयोग की ओर से इससे पहले उत्तर प्रदेश में इन विषयों पर क्षेत्रीय सम्मेलनों के आयोजन की जानकारी दी गई थी।
सम्मेलनों की नई तिथियों के संबंध में अभी कोई जानकारी जारी नहीं की गई है। अग्रिम आदेश मिलने के बाद नई तिथियों की घोषणा की जाएगी।



