सड़क पर झुके जर्जर बिजली पोल: हादसे का इंतजार

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा क्षेत्र के गांव कुंवरा और नगला पूठ में जर्जर बिजली पोल ग्रामीणों के लिए बड़ी चिंता का विषय बने हुए हैं। लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़े ये पोल अब सड़क की ओर झुक गए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों गांवों में लगे बिजली पोल कई वर्षों पुराने हैं और उनकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। पोल सड़क की ओर झुकने के कारण राहगीरों,वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। तेज हवा,बारिश या किसी अन्य कारण से पोल गिरने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया,लेकिन अब तक न तो पोल बदले गए और न ही उनकी मरम्मत कराई गई। विभाग की उदासीनता से लोगों में नाराजगी है। यदि समय रहते जर्जर पोल नहीं हटाए गए तो कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि गांव कुंवरा और नगला पूठ में सड़क की ओर झुके जर्जर बिजली पोलों का तत्काल निरीक्षण कर उन्हें बदला जाए, ताकि किसी संभावित जनहानि और बड़े हादसे से बचा जा सके।



