गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा बजरिया में उमड़ी संगत, कीर्तन और लंगर से दिया भाईचारे का संदेश
अखंड पाठ की समाप्ति पर सुख-शांति की अरदास, अमीर-गरीब सभी ने एक पंगत में बैठकर ग्रहण किया लंगर, गुरु की वाणी से भक्तिमय हुआ गुरुद्वारा परिसर

गाजियाबाद। गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर रेलवे रोड, बजरिया स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका और गुरु की वाणी, कीर्तन तथा लंगर में शामिल होकर प्रकाश पर्व मनाया। पूरे कार्यक्रम में प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया गया।
गुरु नानक देव जी ऐसे महान संत थे, जिन्होंने आडंबरों में उलझे समाज को सत्य, सेवा और मानवता का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी देश-विदेश में लोगों को प्रेरित कर रही हैं। विभिन्न देशों और समुदायों में गुरु नानक देव जी को श्रद्धा के साथ याद किया जाता है। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में गुरुजस गायन और भक्ति का विशेष माहौल रहा।
22 नवंबर को गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब की शुरुआत हुई थी, जिसकी सेवा गुरु घर के सेवादार आरपी सिंह के परिवार ने निभाई। मंगलवार को अखंड पाठ साहिब की समाप्ति के बाद दुनिया में सुख-शांति, आपसी प्रेम, भाईचारे और सभी के कल्याण के लिए अरदास की गई। इसके उपरांत कड़ा प्रसाद वितरित किया गया। गुरुद्वारा साहिब के हजूरी रागी संत सिंह जी ने कीर्तन किया, जबकि स्त्री सत्संग की ओर से गुरुजस गायन किया गया।
पंजाब नाडा साहिब से पहुंचे कीर्तनी अंशदीप जी अपने जत्थे के साथ शामिल हुए और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को कीर्तन के माध्यम से संगत तक पहुंचाया। श्रद्धालुओं ने गुरु की वाणी सुनकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त किया। दोपहर दो बजे तक कीर्तन कार्यक्रम चला, जिसके बाद निरंतर गुरु का लंगर वितरित किया गया।
गुरु के लंगर में समानता का संदेश
गुरु नानक देव जी द्वारा शुरू की गई लंगर परंपरा समाज में समानता, सेवा और भाईचारे का प्रतीक है। गुरुद्वारे में अमीर-गरीब, ऊंच-नीच और जाति-धर्म का कोई भेद नहीं होता। सभी लोग एक पंगत में बैठकर गुरु का लंगर ग्रहण करते हैं। यही गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का मूल संदेश है, जो मानवता को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।
इस पावन अवसर पर शहर विधायक संजीव शर्मा, डीआईजी, एडिशनल कमिश्नर राज करण नायर, आर टीवी चैनल के चीफ एडिटर परवीन अरोड़ा, शिक्षाविद गुलशन भामरी, समाजसेवी अभिषेक गर्ग, प्रेमचंद गुप्ता और सिविल डिफेंस से तनुज गंभीर सहित कई सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक लोगों ने गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका।
कार्यक्रम चेयरमैन सरदार हरमीत सिंह की देखरेख में आयोजित हुआ। कमेटी के सभी सदस्यों ने आयोजन में सहयोग किया। गुरुद्वारा सभा की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी महामंत्री एसपी सिंह ओबराय ने संभाली, जबकि लंगर व्यवस्था सचिव कुलविंदर सिंह ओबराय के नेतृत्व में जसमीत सिंह, अमन, जगमोहन कपूर, हरजिंदर सिंह काकू वीर जी तथा अन्य सेवादारों ने सेवा निभाई।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान इन्दरजीत सिंह टीटू ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का संदेश समाज को जोड़ने का मार्ग दिखाता है। प्रकाश पर्व पर शहर के विभिन्न गुरुद्वारों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। रात में भी श्रद्धालु गुरुद्वारों में पहुंचकर दीप और मोमबत्तियां जलाकर अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे।


