इंग्लैंड की धरती पर फिर स्पिन का जादू बिखेरेंगे साई किशोर, इस विदेशी टीम में हुए शामिल

County Championship 2026: भारतीय घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी फिरकी से बल्लेबाजों को नचाने वाले बाएं हाथ के स्टार स्पिनर आर. साई किशोर एक बार फिर इंग्लैंड की पिचों पर अपना जलवा बिखेरने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
29 वर्षीय इस भारतीय स्पिनर ने काउंटी चैंपियनशिप 2026 सीजन के आखिरी छह महत्वपूर्ण मुकाबलों के लिए ग्लॉस्टरशायर (Gloucestershire) क्रिकेट क्लब के साथ एक आधिकारिक और बड़ा अनुबंध किया है। साई किशोर आगामी 20 अगस्त से वॉर्सेस्टरशायर के खिलाफ चेल्टनहैम में होने वाले मुकाबले से औपचारिक रूप से टीम के साथ जुड़कर अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
ब्रिस्टल से केंट तक: ऐसा रहेगा साई किशोर की फिरकी का पूरा शेड्यूल
इस नए विदेशी करार के तहत आर. साई किशोर ग्लॉस्टरशायर के लिए घरेलू और बाहरी (अवे) दोनों मैदानों पर अपनी गेंदबाजी का दमखम दिखाएंगे। वह डर्बीशायर और मिडिलसेक्स के खिलाफ ब्रिस्टल स्थित होम ग्राउंड पर खेलते नजर आएंगे। इसके बाद वे डरहम, लंकाशायर और केंट के खिलाफ होने वाले चुनौतीपूर्ण अवे मैचों में भी ग्लॉस्टरशायर की जर्सी में विपक्षी टीम के विकेट चटकाएंगे।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट (First-Class Cricket) में साई किशोर का ट्रैक रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने अपनी राज्य की टीम तमिलनाडु के लिए अब तक खेले 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 24.32 की बेहतरीन औसत से कुल 223 विकेट चटकाए हैं।
लंबी बीमारी के बाद 38 साल के बॉलर का निधन; ज़िंदगी की जंग हारे, क्रिकेट की दुनिया में छाई मायूसी
इस दौरान उन्होंने 14 बार एक पारी में पांच विकेट (Five-Wicket Hall) और 11 बार चार विकेट लेने का अद्भुत कारनामा किया है। गौरतलब है कि इससे पहले साल 2025 में वे सरे (Surrey) की ओर से काउंटी क्रिकेट खेल चुके हैं, जहां डरहम के खिलाफ उन्होंने पांच विकेट लेकर तहलका मचाया था।
‘ग्लॉस्टरशायर की जर्सी पहनना मेरे लिए गर्व की बात’: आर. साई किशोर
इस ऐतिहासिक क्लब के साथ जुड़ने के बाद अपनी खुशी जाहिर करते हुए आर. साई किशोर ने क्लब द्वारा जारी आधिकारिक बयान में कहा, “मैं मुख्य कोच जॉन लुईस और ग्लॉस्टरशायर प्रबंधन के सभी सदस्यों का दिल से आभारी हूं जिन्होंने मुझे यह शानदार अवसर दिया है। ग्लॉस्टरशायर क्रिकेट का इतिहास बेहद समृद्ध रहा है और यहां का माहौल किसी भी खिलाड़ी को रोमांचित करने के लिए काफी है।”



