बेसिक शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न, स्कूलों की सुविधाओं और शैक्षिक गुणवत्ता पर जोर

गाजियाबाद। विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग की अगस्त माह की मासिक समीक्षा बैठक मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं, शैक्षिक गुणवत्ता, निपुण विद्यालय आकलन तथा बाल वाटिका-3 से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जिले के सभी विद्यालयों में मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं के संतृप्तीकरण के लिए सभी खंड विकास अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों में निर्धारित सुविधाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में निपुण विद्यालय आकलन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि आकलन का उद्देश्य विद्यालयों में सामने आने वाली कमियों को दूर कर शैक्षिक सुधार को बेहतर बनाना है। इसके लिए सभी विद्यालयों में नियमित रूप से निपुण प्लस ऐप के माध्यम से प्रतिदिन आकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जनपद में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार के लिए निपुण सेल का सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया।

तीन दिन में किताबों की स्कैनिंग पूरी करने के निर्देश

बाल वाटिका-3 के लिए विद्यालयों में भेजी गई पुस्तकों एवं शिक्षण सामग्री की भी समीक्षा की गई। इनमें कलांकुर, कदम, चहक-1, चहक-2, चहक-3, एचपीसी कार्ड, स्कूल रेडीनेस हैंडबुक, निपुण तालिकाएं और 12 बिग बुक्स शामिल हैं। सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए कि इन पुस्तकों की किताब वितरण ऐप के माध्यम से स्कैनिंग का कार्य तीन दिवस के भीतर पूरा कर लिया जाए।

बैठक में डायट उपप्राचार्य ज्योति दीक्षित, बीएसए ओपी यादव, खंड शिक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार, अभिषेक यादव एवं महिमा दयाल, सभी खंड विकास अधिकारी, समस्त सीडीपीओ, डीसी रुचि त्यागी, डॉ. राकेश, विश्वास गौतम, अनुभव गुप्ता, कशिश त्यागी, विजय बघेल, एसआरजी विनीता त्यागी, चिंपल ऐप के सदस्य तथा सेंटर स्क्वायर फाउंडेशन की पूरी टीम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों ने शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ-साथ विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button