रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरी पर बड़ी कार्रवाई, 10 क्विंटल छेना रसगुल्ला जब्त

गाजियाबाद। रक्षाबंधन के त्योहार से पहले मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। भीमनगर इलाके में विभाग की टीम ने करीब 10 क्विंटल छेना रसगुल्ला जब्त कर उसके नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
बताया जा रहा है कि मौके पर छेना रसगुल्ला तैयार करने में अरारोट मिलाए जाने की बात सामने आई। त्योहार के चलते बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ने का फायदा उठाकर कथित रूप से मिलावट कर मिठाइयां तैयार की जा रही थीं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तैयार मिठाइयों को कब्जे में लिया और उनके सैंपल जांच के लिए लिए। विभाग की कार्रवाई के बाद मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों के अनुसार, लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों पर निगरानी बढ़ा दी है। विभाग का कहना है कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



