कांग्रेस नेता अतुल सिंह ने चौपाल लगाकर किया ग्रामीणों से जनसंपर्क

ऊँचाहार, रायबरेली। कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं ऊंचाहार विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने विधानसभा क्षेत्र के जिगना, रामसांडा, मालिन का पुरवा, बहेरवा सहित विभिन्न गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए आवाज उठाने का भरोसा दिलाया। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी एवं महासचिव प्रियंका गांधी के हाथों को मजबूत करने की अपील की।

जनसंपर्क के दौरान अतुल सिंह रामसांडा गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने सांसद निधि से निर्मित इंटरलॉकिंग सड़क का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में आने-जाने का रास्ता वर्षों से जर्जर था और लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। सांसद निधि से सड़क निर्माण होने पर ग्रामीणों ने सांसद राहुल गांधी के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर अतुल सिंह ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा विकास और आम जनता के हितों की बात करते हैं। देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सभी को राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के हाथों को मजबूत करना होगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश में आम जनता परेशान है। लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है, विशेषकर दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ अन्याय की शिकायतें सामने आ रही हैं। बिजली, पानी और खाद जैसी बुनियादी समस्याओं से किसान और आम नागरिक जूझ रहे हैं। ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में सड़कें और नालियां बदहाल हैं तथा कई गांवों में आवागमन के रास्ते तक ठीक नहीं हैं। इसके बावजूद क्षेत्रीय विधायक का जनता की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं है।

अतुल सिंह ने कहा कि वह क्षेत्र की जनहित से जुड़ी समस्याओं को लगातार उठाते रहे हैं और जिला प्रशासन को भी उनसे अवगत कराते हैं। उनका प्रयास है कि ऊंचाहार की जनता खुशहाल रहे तथा गांव, गरीब, किसान और नौजवानों का विकास हो। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा इन वर्गों के हितों के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा क्षेत्र की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव आने पर कुछ लोग जनता के बीच दिखाई देते हैं, लेकिन वह लगातार क्षेत्र में रहकर लोगों की समस्याओं को सुनते और उनकी आवाज उठाते हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में ऊंचाहार की जनता क्षेत्रीय विधायक को जवाब देगी और अपना फैसला सुनाएगी।

इस मौके पर कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष केदारनाथ सिंह, जिला सचिव शैलेंद्र सिंह, शंभू शरण पाल, रामदत्त पांडेय, तेज बहादुर सिंह, महावीर, दिनेश कुमार रावत, कप्तान सिंह, गोलू अग्रहरि, अभय सिंह, रिंकू सिंह, जितेन सिंह, रामशंकर मौर्य, बबलू मौर्य, दशरथ सरोज, केसी सिंह, सदाशिव लोधी, राकेश यादव, बृजेश लोधी, दिनेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button