श्रद्धालुओं से भरी कार पानी भरे बंबा में पलटी

ब्रह्माणी देवी के मन्दिर पर झंडा चढ़ाकर लौट रहे थे श्रद्धालुओं

जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कैस्त से बलरई थाना क्षेत्र में स्थित यमुना नदी की तलहटी में विराजमान ब्रह्माणी देवी मंदिर पर झंडा चढ़ाकर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार राजपुर गांव के समीप हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार कार घुमावदार मोड़ पर अनियंत्रित होकर झाड़ियों के बीच पानी से भरे बंबा में जा गिरी और पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार छह लोग उसमें फंस गए। खेतों में धान की रोपाई कर रहे किसानों और राहगीरों ने शीशे तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

हादसे में कार सवार ग्राम केस्त निवासी धर्मेंद्र, लल्लूराम, राजेश, रंजीत, पिंटू और रोहित कार के अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही बलरई थाना प्रभारी आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

पुलिस ने हाइड्रा मशीन मंगवाकर पानी भरे बंबा से कार को बाहर निकलवाया। इस दौरान कार सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर आ चुके थे। बाद में वे पीछे आ रहे अपने साथियों के साथ घर लौट गए। क्षतिग्रस्त कार को दूसरी कार से बांधकर मरम्मत के लिए ले जाया गया। हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

Related Articles

Back to top button