संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला चार बच्चों के गरीब पिता का शव

काशीराम कॉलोनी के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या की चर्चा

भरथना कोतवाली क्षेत्र के गाँव नगला गुदे स्थित सम्पर्क मार्ग स्थित कांशीराम कॉलोनी में शनिवार देर शाम एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कॉलोनी के शौचालय के समीप पड़ा मिलने से परिजनों में कोहराम के साथ कॉलोनी में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। हालांकि,परिजनों ने कोई कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया,जिसके बाद परिजन मृतक के शव को अपने पैतृक गांव ले गए।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय राजेश कुमार बंजारा पुत्र दयाराम बंजारा निवासी माखनपुर,थाना बसरेहर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब डेढ़ महीने से कांशीराम कॉलोनी में पत्नी खुशबू और चार बच्चों के साथ रह रहा था। परिवार का भरण-पोषण करने के लिए वह फेरी लगाकर मजदूरी करता था। उसके परिवार में एक बेटी और तीन बेटे हैं।

पत्नी खुशबू के अनुसार, राजेश शराब पीने का आदी था जिसके कारण आए दिन घर में विवाद होता था। शनिवार देर शाम भी दोनों पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद राजेश घर से बाहर चला गया। कुछ समय बाद वह वापस आया और घर के शौचालय में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर घटना की जानकारी हुई। उस समय बच्चे सो रहे थे। कुछ देर बाद पत्नी खुशबू ने शौचालय खोलकर देखा तो उसका पति राजेश शौचालय के जंगला से फांसी के फंदे पर लटका था,पत्नी खुशबू ने बताया कि उसने चाकू की सहायता से फांसी काटकर पति राजेश को शौचालय से बाहर निकाल बचाने का प्रयास किया,लेकिन तब तक राजेश की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। परिजनों ने कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन मृतक के शव को अपने पैतृक गांव माखनपुर, बसरेहर ले गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button