एक छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाओं की सुविधाएं
सेवा सेतु अभियान के तहत सात दिवसीय शिविर हुआ शुरू,

जसवंतनगर,इटावा। विकास खंड में सेवा सेतु अभियान के तहत सात दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर शुरू किया गया है। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को योजनाओं के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।
एडीओ कृषि बलवीर सिंह ने बताया कि ब्लॉक सभागार में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें ग्राम विकास,समाज कल्याण, स्वास्थ्य,श्रम,बाल विकास एवं पुष्टाहार,लघु सिंचाई समेत अन्य विभाग शामिल हैं। संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी स्टॉल पर मौजूद रहकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं।
शिविर में किसान और ग्रामीण पंजीकरण से संबंधित कार्य भी करा सकते हैं। पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करने के साथ आवश्यक दस्तावेज और आवेदन संबंधी जानकारी भी मौके पर दी जा रही है।
शिविर में लगे बैनर के माध्यम से ग्रामीणों से संबंधित विभाग के स्टॉल पर पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज कराने और योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है। अधिकारियों के मुताबिक,एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने से ग्रामीणों को सुविधा होगी और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।



