दो स्थानों पर लगे जागरूकता शिविर

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल से एडीआर और वाद पूर्व निस्तारण से सुलझेंगे विवाद

जसवंतनगर,इटावा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) इटावा के अध्यक्ष एवं जिला न्यायाधीश रजत सिंह जैन तथा सचिव श्रीमती आरती द्विवेदी के निर्देशन में गुरुवार को एडीआर (वैकल्पिक विवाद निस्तारण) एवं प्री-लिटिगेशन (वाद पूर्व निस्तारण) के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से दो स्थानों पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।

पहला शिविर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा दूसरा विकास खंड कार्यालय में आयोजित हुआ। शिविरों में उपस्थित छात्राओं,कर्मचारियों एवं आमजन को एडीआर के माध्यम से आपसी विवादों का त्वरित,सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान, लोक अदालतों की उपयोगिता तथा न्यायालय में वाद दायर करने से पहले प्री-लिटिगेशन प्रक्रिया के लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में अधिकार मित्र ऋषभ पाठक,राजेंद्र सिंह,लालमन,नीरज, श्याम,अभिषेक एवं शिवदीप ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा वैकल्पिक विवाद निस्तारण की व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से छोटे-छोटे विवादों को आपसी सहमति एवं लोक अदालतों के माध्यम से निपटाने की अपील की।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्रधानाचार्या श्रीमती प्रज्ञा सिंह ने की,जबकि विकास खंड कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीओ पंचायत देवेंद्र पाल सिंह ने की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा एडीआर एवं प्री-लिटिगेशन के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण और समयबद्ध समाधान अपनाने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Back to top button