सार्वजनिक रास्ते पर दीवार बनाने का आरोप, डीएम से लगाई गुहार

मऊ। घोसी तहसील के साकिन-गोपवा गांव में सार्वजनिक रास्ते पर दीवार बनाने को लेकर विवाद सामने आया है। गांव के रहने वाले कमलेश उपाध्याय ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर रास्ते से अतिक्रमण हटवाने और राजस्व टीम भेजकर जांच कराने की मांग की है।कमलेश उपाध्याय का कहना है कि गांव के सार्वजनिक रास्ते पर कुछ लोग दीवार का निर्माण करा रहे हैं। इससे रास्ता बंद होने की स्थिति बन गई है और गांव के लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि इस रास्ते को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी और लेखपाल ने इसकी रिपोर्ट भी लगाई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका।

प्रार्थना पत्र में कमलेश उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि रास्ते को लेकर पहले संबंधित लोगों के बीच समझौता हुआ था। इसके बावजूद अब दोबारा दीवार बनाई जा रही है। उनका कहना है कि यह रास्ता गांव के लोगों के आने-जाने का प्रमुख माध्यम है। रास्ते के बीच जल निगम की सरकारी पाइपलाइन भी बिछी हुई है, जिस पर अतिक्रमण कर दीवार बनाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, इस मामले में पहले उपजिलाधिकारी और थाना घोसी को भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कमलेश उपाध्याय ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कराकर सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए। इसके लिए उन्होंने राजस्व टीम गठित करने की भी अपील की है, ताकि मौके पर जांच कर रास्ते की स्थिति स्पष्ट हो सके और लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।

Related Articles

Back to top button