सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक बनेगा 45 मीटर चौड़ा आउटर रिंग रोड, 90 करोड़ से अधिक होंगे खर्च

गाजियाबाद। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सिटी फॉरेस्ट से दुहाई तक 45 मीटर चौड़े आउटर रिंग रोड के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है और इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। परियोजना पर 90 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है।
मास्टर प्लान में शामिल इस प्रस्तावित सड़क के बनने से राजनगर एक्सटेंशन समेत शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। सड़क के साथ सीवर, नाला, सर्विस रोड, डिवाइडर और फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे। इसके चलते आउटर रिंग रोड शहर में यातायात के लिए एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम करेगी।
57 किसानों की जमीन का होगा अधिग्रहण
जीडीए ने जमीन अधिग्रहण के लिए 57 किसानों की सूची जारी की है। प्रस्तावित जमीन को लेकर आपत्तियां और दावे भी मांगे गए हैं। जीडीए के अनुसार सूची में दर्ज नामों के अलावा यदि कोई अन्य व्यक्ति संबंधित जमीन पर अपना दावा करता है तो वह 10 दिन के भीतर विभाग के समक्ष आपत्ति या दावा प्रस्तुत कर सकता है।
आपत्तियों के निस्तारण और नोटिस प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
नूरनगर और सद्दीकनगर की जमीन होगी शामिल
योजना के तहत नूरनगर में खसरा संख्या 1152 से 0.3866 हेक्टेयर और खसरा संख्या 1153 से 0.2108 हेक्टेयर जमीन ली जाएगी। इसमें कुल आठ किसानों की जमीन शामिल है। वहीं सद्दीकनगर में खसरा संख्या 847 से 0.0250 हेक्टेयर, 848 से 0.0598 हेक्टेयर और 851 से 0.0096 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इन जमीनों में 18 किसानों के नाम दर्ज हैं।
इसके अलावा खसरा संख्या 852 से 0.1394 हेक्टेयर जमीन नौ किसानों की और खसरा संख्या 853 से 0.0204 हेक्टेयर जमीन 22 किसानों की ली जानी है।
जीडीए सचिव विवेक मिश्र ने बताया कि नोटिस प्रक्रिया पूरी होने के बाद जमीन अधिग्रहण का काम शुरू होगा। इसके बाद 45 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा



